दो साल की बेटी के साथ महिला ने लगाई फांसी, पति के खिलाफ जुर्म दर्ज
बिलासपुर : कोटा क्षेत्र में रहने वाली महिला ने अपनी दो साल की बेटी के साथ अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि महिला का पति दूसरी महिला को लाने की बात कहते हुए प्रताड़ित करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था।
मायके वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।कोटा थाना प्रभारी उत्तम साहू ने बताया कि ग्राम अमने में रहने वाले दिनेश यादव ने चार साल पहले गीता यादव से दूसरी शादी की थी। उसने अपनी पहली पत्नी सुरेखा को विवाद के बाद छोड़ दिया था।
दिनेश और गीता की एक बेटी भी हुई। इसके कुछ दिन बाद ही दिनेश ने अपनी पहली पत्नी सुरेखा से बातचीत शुरू कर दी। इसके कारण गीता और दिनेश के बीच विवाद होने लगा। कई बार दिनेश ने इसी बात को लेकर गीता से मारपीट भी की। युवक पांच मई की सुबह अमरकंटक गया था।
दोपहर को परिवार के सदस्यों को खाना देने के बाद गीता अपने कमरे में चली गई। शाम करीब पांच बजे परिवार के सदस्यों ने मवेशियों को बांधने के लिए गोशाला का दरवाजा खोलने कोशिश की। दरवाजा बंद होने के कारण स्वजन ने अंदर झांककर देखा। वहां पर गीता और उसकी दो साल की बेटी कविता का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था।
इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। मायके वालों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।