VIDEO : महाराष्ट्र के नवी मुंबई में 3 मंजिला इमारत ढही… 2 लोगों को बचाया, 1 के मलबे में दबे होने की आशंका

मुंबई। भारी बारिश के बीच महाराष्ट्र के नवी मुंबई में 3 मंजिला इमारत ढह गई। मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत तथा बचाव कार्य जारी है।

अब तक की जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह 5 बजे हुआ। समाचार एजेंसी पीटीआई ने एनडीआरएफ के अधिकारी के हवाले से बताया कि बेलापुर इलाके में हुए हादसे में 2 लोगों को बचाया गया है। वहीं मलबे में फंसे एक अन्य की तलाश जारी है।

नवी मुंबई नगर निगम आयुक्त ने क्या बताया?

नवी मुंबई नगर निगम कमिश्नर कैलास शिंदे ने बताया कि इमारत सुबह करीब 5 बजे ढही। बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन मंजिल बनी हुई थीं। यह इलाका शाहबाज गांव बेलापुर वार्ड के अंतर्गत आता है।

उधर, चश्मदीदों ने बताया- हमें सुबह उठते ही किसी भारी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो इंदिरा निवास जमींदोज हो चुकी थी। रात को यह बिल्डिंग सलामत थी, लेकिन सुबह मलबे में तब्दील हो गई। फिर हमने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

भारी बारिश से महाराष्ट्र में जनजीवन बेहाल 

20 जुलाई को भी मुंबई के ग्रैंड रोड इलाके में एक इमारत की बालकनी का कुछ हिस्सा गिरा था, जिससे एक शख्स की मौत हो गई थी और 13 अन्य घायल हुए थे। महाराष्ट्र में हो रही भारी बारिश से मुंबई में लोग बेहाल हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस बाधित होने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार (28 जुलाई) को मध्य महाराष्ट्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के कई शहरों में लगातार भारी बारिश से जलजमाव और ट्रैफिक जाम के हालात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button