लॉगिन

ब्लड कैंसर से जूझ रही मासूम काव्या को सीएम साय ने दी 1 लाख की मदद, पीएम मोदी को लिखा था पत्र

Chhattisgarh November 20, 2026 रिपोर्टर: shailesh
ब्लड कैंसर से जूझ रही मासूम काव्या को सीएम साय ने दी 1 लाख की मदद, पीएम मोदी को लिखा था पत्र

ब्लड कैंसर से जूझ रही मासूम काव्या को सीएम साय ने दी 1 लाख की मदद, पीएम मोदी को लिखा था पत्र

रायपुर : रायपुर स्थित एम्स में ब्लड कैंसर से जूझ रही 3 साल 9 महीने की मासूम काव्या की हालत गंभीर है. वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही बच्ची की मदद के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहल की है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवार को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डॉक्टरों से चर्चा कर काव्या के इलाज की जानकारी ली. वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने उसकी देखभाल के लिए 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई है. मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को भी जरूरी निर्देश दिए हैं.

प्रधानमंत्री मोदी से मदद की गुहार

काव्या के पिता भूमिहीन किसान हैं और मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं. बेटी की गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील करती काव्या की भावुक चिट्ठी सामने आई है. इसमें उसने प्रधानमंत्री को दादाजी कहकर संबोधित करने की इच्छा जताई है.

बीमारी से डरी मासूम, माता-पिता को रोते देखा

काव्या ने चिट्ठी में लिखा कि उसे दुनिया की ज्यादा समझ नहीं है, लेकिन इतना पता है कि वह बीमार है और उसके मम्मी-पापा परेशान हैं. अस्पताल में उसने कई बार अपने माता-पिता को रोते देखा है. डॉक्टरों और पिता के बीच बीमारी को लेकर बातचीत सुनने के बाद उसे डर सताने लगा कि कहीं वह घर वापस नहीं जा पाएगी. उसे यह भी नहीं पता कि ब्लड कैंसर क्या होता है और उसे यह बीमारी कैसे हुई.

डॉक्टर बनने का देखती है सपना

काव्या कुछ समय पहले तक आंगनबाड़ी जाती थी. उसे खिलौनों से खेलना, मां की गोद में सोना और पिता के साथ घूमना पसंद है. उसका सपना बड़ा होकर डॉक्टर बनने का है, ताकि वह बीमार बच्चों का इलाज कर सके. लेकिन फिलहाल वह खुद गंभीर बीमारी से जूझ रही है.

खिलौने नहीं, जिंदगी मांग रही काव्या

प्रधानमंत्री से मदद मांगते हुए काव्या ने लिखा कि उसे खिलौना या चॉकलेट नहीं चाहिए, बल्कि थोड़ी-सी जिंदगी चाहिए. वह दोबारा आंगनबाड़ी जाना, माता-पिता के साथ घर लौटना और अपना सपना पूरा करना चाहती है. मुख्यमंत्री की पहल से परिवार को आर्थिक सहायता मिली है और बच्ची के उपचार की देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक कदम उठाए हैं.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds