रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति दी है. मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर पदोन्नत किया गया है. वे 1997 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. वे एसीएस मुख्यमंत्री के साथ-साथ, एसीएस उर्जा विभाग, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी, और प्रमुख आवासीय आयुक्त छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली का कार्यभार संभालेंगे.
इसके साथ ही गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक (1997 बैच) को भी अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर पदोन्नत किया गया है. वहीं, 2002 बैच के आईएएस अधिकारी रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को सचिव से प्रमुख सचिव बनाया गया है.
चारों अधिकारियों की पदोन्नति जनवरी 2027 में प्रस्तावित थी, लेकिन सरकार ने उनके कार्यों और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए करीब डेढ़ महीने पहले ही प्रमोशन दे दिया.
परिणाम देने वाले अधिकारी हैं सुबोध सिंह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबोध सिंह को दिल्ली से बुलाकर अपना प्रमुख सचिव बनाया था. इसके बाद से ही प्रशासनिक कामकाज में कसावट लाने और शासन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है. सुबोध सिंह को मेहनती और परिणाम देने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है. उन्होंने अलग-अलग विभागों में रहते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए.
बिजली और खनन विभाग की व्यवस्थाओं को ऑनलाइन करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. रायपुर और बिलासपुर में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने सिटी बस सेवा शुरू कराने की पहल की थी. वहीं, पिछली सरकार में राजस्व विभाग का सचिव बनाए जाने के बाद कम समय में ही उन्होंने विभाग में कई महत्वपूर्ण सुधार किए.
जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव बने रोहित यादव
2002 बैच के आईएएस रोहित यादव प्रमुख सचिव वित्त विभाग के साथ-साथ जनसंपर्क विभाग की भी जिम्मेदारी संभालेंगे. बता दें कि रोहित यादव प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पीएमओ से वापस आए थे, वे रायपुर समेत कई जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं.