रायगढ़ । सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के चक्कर में सार्वजनिक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकते करना पांच युवको को भारी पड़ गया। रायगढ़ की चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवको की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। एसडीएम न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल वारंट जारी होने पर पांचो युवको को जेल दाखिल करा दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कालाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे और सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकते भी कर रहे थे। वे इन करतूतों का वीडियो भी बना रहे थे।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
इसी दौरान एक व्यक्ति ने युवकों की हरकतों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने इसकी जानकारी एसएसपी शशि मोहन सिंह को दी। एसएसपी ने युवको की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वीडियो से हुई पांचों युवकों की पहचान
पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने सभी को समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक सड़को पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि राहगीरो और दूसरे वाहन चालको की सुरक्षा को भी जोखिम में डालती है।
इसके बाद पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस एवं 126. 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
ये पांच युवक किए गए गिरफ्तार
- विद्याधर देवांगन (21) निवासी संजय नगर सिंधी कॉलोनी, पक्की खोली।
- ऋऋतिक बरेठ (21) निवासी संजय नगर बैक कॉलोनी ।
- आशीष चौहान (21), निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी।
- आकाश शर्मा (21) निवासी पहाड़ मंदिर रोड, कौहाकुंठा।
- मनीष शर्मा (21) निवासी संजय नगर बैक कॉलोनी ।