रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओ से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। उनका दौरा कार्यक्रम 16 और 17 नवंबर 2026 को निर्धारित किया गया है। इस दौरान वे जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, मैनपाट और सरगुजा क्षेत्र का दौरा करेंगे। दौरे के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जन चौपालों का आयोजन किया जाएगा, जिसमे वे पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुखदेव भगत 16 नवंबर को सुबह 9 बजे लोहरदगा से रवाना होंगे। सुबह 11 बजे शंख नदी के पास छत्तीसगढ़ सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओ द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे अघोरेश्वर सोगड़ा आश्रम, जशपुर पहुंचेंगे।
जशपुर और कुनकुरी में बूथ स्तरीय जन चौपाल
दौरे के पहले दिन सुखदेव भगत का मुख्य फोकस कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर रहेगा। दोपहर 12:45 बजे वे जयपुर विधानसभा क्षेत्र के बालाछापर में आयोजित बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पतराटोली में दूसरी जन चौपाल के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। कुनकुरी में भोजन के बाद वे कैथोलिक चर्च पहुंचकर बिशप से सौजन्य भेट करेंगे। इसके बाद हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन करेंगे।
कासाबेल में तीसरी जन चौपाल, दिवंगत कांग्रेस नेता के परिजनों से करेंगे मुलाकात
पहले दिन के कार्यक्रम के तहत शाम 4:45 बजे सुखदेव भगत पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के कांसाबेल मे आयोजित तीसरी बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होगे। यहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे। इसके बाद शाम 5:15 बजे पत्थलगांव पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी के दिवंगत उपाध्यक्ष स्वर्गीय हरगोविंद अग्रवाल के परिजनों से मुलाकात करेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे सीतापुर होते हुए मैनपाट के कमलेश्वरपुर पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
दूसरे दिन मैनपाट, सरगुजा और सूरजपुर का दौरा
दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को सुखदेव भगत का कार्यक्रम मैनपाट, सरगुजा और सूरजपुर जिले में प्रस्तावित है। सुबह 10 बजे मैनपाट में धार्मिक दर्शन के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद वे निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
कांग्रेस संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा दौरा
सुखदेव भगत का यह दो दिवसीय दौरा कांग्रेस संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बूथ स्तरीय जन चौपालों के जरिए वे सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति, सक्रियता तथा आगामी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। पार्टी के लिए यह दौरा विशेष रूप से सरगुजा और जशपुर संभाग में संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।