लॉगिन

16 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी पर रेडियो कॉलर लगाने का आदेश, अब सैटेलाइट से होगी निगरानी

Chhattisgarh November 12, 2026 रिपोर्टर: shailesh
16 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी पर रेडियो कॉलर लगाने का आदेश, अब सैटेलाइट से होगी निगरानी

16 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी पर रेडियो कॉलर लगाने का आदेश, अब सैटेलाइट से होगी निगरानी

सरगुजा : संभाग में मानव-हाथी संघर्ष की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच वन विभाग ने कबरा कान हाथी को लेकर बड़ा फैसला लिया है. प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन कार्यालय ने आदेश जारी कर इस हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है. इसके बाद हाथी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी. दूसरी तरफ 11 नवंबर की रात भी हाथी ने सूरजपुर जिले के प्रेमनगर इलाके के श्यामनगर में एक महिला को मार दिया. हाथी गांव के भीतर आ गया था, हाथी के गांव आने के डर से लोग घर छोड़कर भाग रहें थे तभी महिला चपेट में आ गई.

वन विभाग के आदेश के मुताबिक, यह हाथी प्रतापपुर, धौर, सूरजपुर, राजपुर, अंबिकापुर और तमोर पिंगला क्षेत्र में विचरण कर रहा है. स्थानीय स्तर पर इसे ‘कबरा कान’ के नाम से जाना जाता है. आदेश में स्वीकार किया गया है कि इस हाथी के कारण सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा वनमंडल में मानव-हाथी संघर्ष की गंभीर स्थिति बनी हुई है. हाथी के हमलों में जनहानि के साथ फसल और मकानों को भी नुकसान पहुंचा है. बता दें कि 6 माह में इस हाथी ने 16 लोगों को कुचलकर मारा है.

वन विभाग का बड़ा फैसला

कबरा कान हाथी की गतिविधियों और मूवमेंट पैटर्न को समझने के लिए वन विभाग अब वैज्ञानिक प्रबंधन का सहारा लेगा. हाथी को ट्रैंकुलाइज कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा. इससे उसकी लोकेशन, विचरण क्षेत्र और दैनिक गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी. विभाग को उम्मीद है कि इससे हाथी के संभावित मूवमेंट का पहले से पता लगाकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा सकेगा और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी. इस कार्रवाई के लिए वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 11(1)(क) के तहत अनुमति दी गई है.

सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ होंगे नोडल अधिकारी

आदेश में सूरजपुर और बलरामपुर के वनमंडलाधिकारी को संयुक्त रूप से प्रभारी एवं नोडल अधिकारी बनाया गया है.उन्हें हाथी की पहचान, लोकेशन की पुष्टि, विशेषज्ञ टीम के साथ समन्वय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.

रेडियो कॉलर लगाने के लिए जरूरत के मुताबिक अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा. इस अभियान में कुमकी हाथियों की भी सहायता ली जा सकेगी. पूरी कार्रवाई प्रोजेक्ट एलीफेंट और भारतीय वन्यजीव संस्थान के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित ऑपरेटिंग प्रक्रिया के अनुसार होगी. विशेष प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की मदद भी ली जाएगी.

स्वस्थ होने पर प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा हाथी

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि रेडियो कॉलर लगाने के दौरान हाथी को न्यूनतम शारीरिक नुकसान पहुंचे और आसपास के लोग भी सुरक्षित रहें. रेडियो कॉलर लगाने के बाद हाथी का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा. स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा. इसके बाद उसकी लगातार मॉनिटरिंग होगी. इस पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में शासन को भेजनी होगी.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds