बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बलौदाबाजार जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। इसके लिए जिले के 181 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां की जा रही है। इस बार करीब 1 लाख 68 हजार पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। खास बात यह है कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब किसान अपनी सुविधानुसार धान बेचने की तारीख का टोकन ले सकेगे। वहीं अवैध धान की आवक रोकने के लिए इस बार खरीदी पूरी होने के बाद ही धान का उठाव किया जाएगा।
15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी धान खरीदी
बलौदाबाजार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। जिले के 181 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से करीब 1.68 लाख पंजीकृत किसानो से धान खरीदा जाएगा। इस बार किसानो से प्रति एकड़ 21 क्विटल धान की खरीदी की जाएगी। प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए सभी केंद्रों में जरूरी तैयारियां शुरू कर दी है।
10 नवंबर से मिलेगा टोकन
इस बार धान खरीदी की टोकन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। किसानों को 10 नवंबर से ‘तुहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन मिलना शुरू हो जाएगा। नई व्यवस्था के तहत कुल टोकन में से 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप के जरिए और 30 प्रतिशत संबंधित समितियों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। खास बात यह है कि किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख का टोकन ले सकेगे। इससे किसानों को धान बेचने के लिए तारीख चुनने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
181 खरीदी केंद्रों में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
धान खरीदी को लेकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को सभी 181 उपार्जन केद्रो में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए है। प्रशासन का लक्ष्य खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संचालित करना है, ताकि किसानों को केंद्रों में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना।
खरीदी के बाद ही होगा धान का उठाव
इस बार धान खरीदी की प्रक्रिया में एक और अहम बदलाव किया गया है। अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के उद्देश्य से खरीदी के दौरान धान का उठाव नहीं किया जाएगा। इसके बजाय खरीदी पूरी होने के बाद ही उठाव की प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि, इस व्यवस्था के चलते खरीदी केंद्रों में धान के भंडारण की चुनौती बढ़ सकती है। ऐसे में केंद्रों में पर्याप्त जगह और भंडारण की व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम होगा।
दो महीने में 1.68 लाख किसानों से खरीदी बड़ी चुनौती
बलौदाबाजार जिले में 1.68 लाख पंजीकृत किसानो से धान खरीदी के लिए प्रशासन के पास करीब दो महीने का समय रहेगा। ऐसे मे सीमित अवधि में सभी किसानों से व्यवस्थित तरीके से धान खरीदना बड़ी चुनौती होगी। वहीं, खरीदी के बाद ही धान का उठाव होने से भंडारण व्यवस्था की भी परीक्षा होगी। अब देखना होगा कि नई टोकन व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारिया किसानों को कितनी राहत दे पाती है।