रायपुर। छत्तीसगढ़ मे किसानों के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा किसान मोर्चा नई पहल करने जा रहा है। प्रदेश के 27 हजार बूथों पर किसान मितान नियुक्त किए जाएंगे। इसके जरिए पार्टी किसानों से सीधा संपर्क स्थापित करेगी और उनकी समस्याओं को समझकर संगठन तक पहुंचाने का काम करेगी। यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस में दी।
श्री गुर्जर ने बताया कि किसान मितान भाजपा किसान मोर्चा की नई संगठनात्मक पहल है। इसका उद्देश्य गांव और बूथ स्तर पर किसानों के साथ निरंतर संवाद कायम करना है। किसान मितान किसानों की जरूरतों और समस्याओं को जानने के साथ उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी देगे।
किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। किसान मोर्चा की कोशिश रहेगी कि इन योजनाओं की जानकारी पात्र किसानों तक पहुंचे और वे उनका लाभ उठा सके। उन्होने कहा कि संगठन किसानों के हितो से जुड़े मुद्दो पर लगातार सक्रियता से काम कर रहा है।
धान खरीदी व्यवस्था की सराहना
बंशीलाल गुर्जर ने छत्तीसगढ़ सरकार की धान खरीदी व्यवस्था की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से अच्छे दाम पर धान खरीद रही है। किसान मोर्चा संगठन के विस्तार के साथ किसानो के हितो को प्राथमिकता देते हुए काम कर रहा है।