राहुल गाँधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर अमेरिकी सांसद रो खन्ना दुखी, पीएम मोदी से की खास अपील

वाशिंगटन : अमेरिका में भारतीय मूल के प्रभावशाली सांसद रो खन्ना ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा से अयोग्यता गांधीवादी दर्शन और भारत के गहरे मूल्यों के साथ गहरा विश्वासघात है। रो खन्ना ने ट्वीट कर कहा, ‘यह वह नहीं है, जिसके लिए मेरे दादाजी ने अपनी जिंदगी के कई वर्ष जेल में कुर्बान कर दिए थे।’

पीएम मोदी से लगाई गुहार

रो खन्ना अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में सिलिकान वैली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह भारत और भारतीय-अमेरिकियों पर अमेरिकी संसद के काकस के सह-अध्यक्ष हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

एक अन्य ट्वीट में रो खन्ना ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के हित में आपके पास इस फैसले को पलटने की शक्ति है। वहीं, अमेरिका में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के उपाध्यक्ष जार्ज अब्राहम ने राहुल की अयोग्यता को भारत में लोकतंत्र के लिए एक दुखद दिन करार दिया।

किरण रिजिजू का कांग्रेस पर हमला

केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता से अयोग्यता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस अब इसके लिए भाजपा को दोषी ठहराएगी और न्यायपालिका की आलोचना भी करेगी। रिजिजू ने इंटरनेट मीडिया पर कहा कि राहुल गांधी को अत्यंत अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी करने की सलाह हमने नहीं दी।

रिजिजू ने कहा कि भारत का संविधान सभी नागरिकों के साथ एक समान व्यवहार करता है और इसलिए कानून की नजर में हर व्यक्ति समान है। लिहाजा सभी सांसदों को भी संसद में बोलने का समान अधिकार है। समस्या तब शुरू होती है जब किसी को विशेष मानकर व्यवहार किया जाता है और अन्य सभी को सामान्य माना जाता है।

राहुल ने ओबीसी समुदाय को बदनाम किया

रिजिजू ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर बेहद अपमानजनक टिप्पणी की और पूरे ओबीसी समुदाय को बदनाम किया। हैरानी की बात है कि कांग्रेस के कुछ नेता इसका बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button