दिव्यांगों के नाम पर बनाया फर्जी एनजीओ, फिर अरबों का घोटाला, अब 6 आईएएस समेत 15 अधिकारियों के खिलाफ होगी सीबीआई जांच

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में राज्य स्त्रोत निःशक्त जन संस्थान अस्पताल के नाम पर हुए एक हजार करोड़ के घोटाले के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं. इसमें 6 आईएएस समेत 15 अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं.

6 आईएएस समेत 15 अधिकारियों के खिलाफ होगी सीबीआई जांच

इस मामले में जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल की डीबी ने अपने आदेश में कहा है कि एक हजार करोड़ का एनजीओ घोटाला इस मामले में पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री रेणुका सिंह, राज्य के 6 आईएएस अधिकारी आलोक शुक्ला, विवेक ढांड, एमके राउत, सुनील कुजूर, बीएल अग्रवाल और पीपी सोती समेत सतीश पांडेय, राजेश तिवारी, अशोक तिवारी, हरमन खलखो, एमएल पांडेय और पंकज वर्मा पर लगाए गए आरोप प्रारंभिक तौर पर सही पाए गए.

इस गंभीर मामले की स्थानीय एजेंसियों और पुलिस से जांच कराना सही नहीं होगा. हाईकोर्ट ने सीबीआई को 15 दिनों में सभी दस्तावेज जब्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं.

दिव्यांगों के नाम पर अरबों का घोटाला

साल 2004 में छत्तीसगढ़ सरकार ने दिव्यांगों के पुनर्वास के लिए स्टेट रिसोर्स सेंटर (ARC) नाम से स्वशासी संस्था की स्थापना की. इसका उद्देश्य तकनीकी और प्रशिक्षण सहायता के माध्यम से दिव्यांगों का पुनर्वास करना था. 2012 में इसी के अंतर्गत फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर (पीआरआरसी) की स्थापना की गई, जिसका मुख्य कार्य दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था.

जब सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों से यह बात सामने आई कि ये संस्थाएं केवल कागजों में ही मौजूद थीं और इनके माध्यम से सरकार से करोड़ों रुपए का अनुदान लेकर कथित गड़बड़ी की जा रही थी. शिकायतों के अनुसार, कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इन संस्थाओं में पदाधिकारी के रूप में शामिल थे.

जांच में ये गड़बड़ियां उजागर

वित्त विभाग के ऑडिट में 31 अनियमितताएं,

एसआरसी का 14 साल तक ऑडिट नहीं हुआ,

फर्जी नामों से वेतन उठाए गए,

नगद भुगतान के सबूत मिले,

कृत्रिम अंग-मशीनें कभी नहीं खरीदी गईं,

2019 में एसआरसी को भंग कर खाते बंद हुए.

वहीं इस मामले में हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता और उच्चाधिकारियों की कथित संलिप्तता को देखते हुए सीबीआई को स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जारी रखनी होगी. कोर्ट ने सीबीआई को 15 दिन में जांच शुरू करने के आदेश दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds