रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए राज्य सरकार धान के साथ दूसरी फसलों को भी प्रोत्साहित कर रही है। शुक्रवार को नवा रायपुर के संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय उपलब्धियों और किसान हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
धान पर प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विटल धान 3100 रुपए प्रति क्विटल की दर से खरीदने का निर्णय लिया है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को अब प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि मिलेगी। उन्होने स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा।
धान के बदले दूसरी फसल लेने पर मिलेंगे 15 हजार रुपए
सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानो को प्रोत्साहित कर रही है। कृषि मंत्री ने बताया कि धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को अब प्रति एकड़ 11 हजार रुपए के बजाय 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानो को प्रति एकड़ 10 हजार रुपए की सहायता मिलेगी सरकार का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ अन्य फसलो की ओर भी प्रोत्साहित करना है।
कृषक उन्नति योजना से 25 लाख से अधिक किसानों को मिला लाभ
रामविचार नेताम ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। इस योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
दलहन-तिलहन की MSP पर होगी खरीदी
कृषिमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत दलहन और तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की जाएगी। खरीफ 2026 के लिए प्रमुख फसलों का MSP इस प्रकार निर्धारित किया गया है
अरहर 8.450 रुपए
सोयाबीन 5.708 रुपए
उड़द 8,200 रुपए
वहीं, रबी सीजन 2026-27 के लिए चना का MSP 5.958 रुपए मसूर का 7,390 रुपए और सरसों का 6,613 रुपए प्रति क्विटल तय किया गया है।
24 हजार से अधिक किसानों से खरीदा गया चना
कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों के 273 खरीदी केंद्रों के माध्यम से 3.72 लाख क्विटल से अधिक दलहन-तिलहन की खरीदी की गई। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत 24,257 किसानों से 3.54 लाख क्विटल चना खरीदा गया। इसके एवज में किसानों को 207.59 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।
15 दिसंबर से शुरू होगी कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी
छत्तीसगढ़ में श्री अन्न यानी मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने खरीदी की तैयारी की है। कृषिमंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि प्रदेश में 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी की जाएगी। मार्कफेड के माध्यम से इन फसलों की खरीदी कर किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। रागी की खरीदी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित MSP पर होगी, जबकि कोदो और कुटकी की खरीदी राज्य सरकार द्वारा तय दरो पर की जाएगी।
फसल विविधीकरण और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का विशेष ध्यान किसानों की आय बढ़ाने और खेती में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने पर है। धान के अलावा दलहन, तिलहन, मक्का और मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेस में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, खरीदी व्यवस्था और किसानों को दिए जा रहे आर्थिक लाभों की जानकारी साझा की गई।