छत्तीसगढ़ में सेना के ‘भीष्म’ की एंट्री:कलेक्टर-SSP ने किया स्वागत; रायपुर में 5-6 अक्टूबर को सैन्य प्रदर्शनी, देख सकेंगे आधुनिक हथियार-जवानों के स्टंट

रायपुर में भारतीय सेना की टीम T-90 भीष्म टैंक लेकर दाखिल हुई। रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और SSP संतोष सिंह ने टैंक पर फूल चढ़ाकर सेना का स्वागत किया। अफसरों ने तिरंगा हाथ में लेकर भारत माता जय के नारे भी लगाए।

दरअसल, 5-6 अक्टूबर को रायपुर में सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस प्रदर्शनी में मध्य भारत के सबसे वरिष्ठ सैन्य अफसर जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत शिरकत करेंगे।

सैन्य उपकरणों का अधिकारियों ने किया स्वागत

गुरुवार को सबसे पहले सेना के भीष्म टैंक और अन्य आर्टिलरी (छोटी तोपें) का इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय जोरा के पास जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद यहां से रैली की शक्ल में टैंक, BMP का काफिला शहर में पहुंचा।

यह पहला मौका है, जब सेना में वर्तमान में दुश्मन देश के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा टैंक छत्तीसगढ़ लाया गया है। सैन्य उपकरणों की रैली तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, कलेक्ट्रेट, जय स्तंभ, आश्रम चौक होते हुए साइंस कॉलेज मैदान तक पहुंची।

भारतीय सेना की ताकत को करीब से देखेगा यूथ

साइंस कॉलेज मैदान में 5 और 6 अक्टूबर से ये प्रदर्शनी शुरू होगी। छत्तीसगढ़ ओडिशा सब एरिया हेडक्वार्टर के ब्रिग्रेडियर अमन आनंद (विशिष्ट सेवा मेडल) ने बताया कि भारतीय सेना की ताकत और कौशल को करीब से देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने और देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करने सशस्त्र सैन्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यहां इंडियन आर्मी ज्वॉइन करने के बारे में भी बताया जाएगा।

प्रशासन की ओर से चलाई जाएंगी बसें

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि भारतीय सेना का जज्बा, शक्ति और क्षमताओं की ताकत सशस्त्र सैन्य समारोह में देखने को मिलेगी। भीष्म टैंक समेत अनेक उपकरणों का रोमांच भी देख सकेंगे। आयोजन में दंतेवाड़ा के प्रतिभावान युवा घुड़सवारी के माध्यम से कौशल दिखाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों के लिए साइंस कॉलेज मैदान तक पहुंचने के लिए अलग-अलग स्थानों से बस चलाए जाएंगे। इसकी व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही है। स्कूल कॉलेज के बच्चों को भी यहां लाया जाएगा।

क्या-क्या देखने को मिलेगा

  • कमांडोज आएंगे: रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में 5 अक्टूबर को आर्मी के पैरा कमांडो, हेलिकॉप्टर से उसी अंदाज में रस्सी से उतरेंगे जैसे किसी ऑपरेशन को अंजाम देने आए हों।
  • बुलेट पर स्टंट: आर्मी की डेयर डेविल बाइकर टीम हैरान कर देने वाले स्टंट्स दिखाएगी।
  • ये बड़े हथियार दिखेंगे: 9 किलोमीटर तक हमला करने वला टी-90 भीष्म टैंक, पानी में चलने वाली बीएमपी टू, लड़ाकू वाहन को मार गिराने वाला स्ट्रेला 10 एम, जेडयू 23 गन और आर्टिलरी की 105 एमएम लाइट फील्ड गन।
  • AK 47 से टैवोर तक: आर्मी रूस और इजराइल के हथियारों का इस्तेमाल करती है। रायपुर में AK 47, टैवोर जैसी गन और ग्लॉक पिस्टल देखने को मिलेगी।
  • खुखरी डांस: इसके अलावा ग्रेनेडियर्स, सिग्नल और गोरखा प्रशिक्षण केंद्रों के सैन्य पाइप और ब्रास बैंड परफॉर्म करेंगे। गोरखा रेजिमेंट के जवान खुखरी डांस करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button