धमतरी। शहर के चर्चित CG05 रेस्टोरेट लॉज में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियो मे मौत के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कमरे में युवती का शव मिलने के बाद अब पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। रविवार को FSL की टीम के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की।
24 सितंबर से लॉज में ठहरी थी युवती
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष) निवासी कवर्धा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती 24 सितंबर से CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में ठहरी हुई थी। कमरे से शव बरामद होने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
कमरे से लेकर पूरे परिसर की जांच
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं पुलिस पूरे रेस्टोरेट और लॉज परिसर की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सके।
मालिक और स्टाफ से भी पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेट के संचालक और कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। युवती के लॉज में ठहरने से लेकर उसकी मौत से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल युवती की मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।