संदिग्ध परिस्थितियों में मिली महिला की लाश, रात में शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। महिला का पति सुबह किसी काम से पत्नी और बच्चों को सोते हुए छोड़कर कुसमी चला गया था। जब बच्चों ने मां को उठाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठी। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र निवासी जमुना चिकवा अपनी पत्नी सुखमनिया (32) और दो बच्चों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर स्थित किराए के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात पति-पत्नी ने साथ में शराब पी थी। इस दौरान दोनों के बीच मामूली विवाद भी हुआ था। बाद में दोनों जमीन पर सो गए।

मंगलवार सुबह जमुना चिकवा किसी काम से कुसमी चला गया। उस समय पत्नी और बच्चे घर में सो रहे थे। सुबह करीब 9 बजे दोनों बच्चों ने मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठी। इसके बाद बच्चों ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। पड़ोस की महिलाएं घर पहुंचीं तो देखा कि सुखमनिया की मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में महिला के पैरों में चोट के निशान मिले हैं, जबकि शरीर के बाकी हिस्सों में चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बच्चों ने बताई रात की बात

पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि रात में उनके माता-पिता ने साथ में शराब पी थी और दोनों के बीच हल्का विवाद भी हुआ था। हालांकि आसपास के लोगों ने किसी तरह के शोर-शराबे या मारपीट की आवाज सुनने से इनकार किया है।

पति से भी पूछताछ जारी

पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद जमुना चिकवा वापस अंबिकापुर पहुंचा। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की असली वजह सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds