लॉगिन

महुआ बीनने गई महिला पर हाथी का जानलेवा हमला, मौके पर मौत; ग्रामीणों में भय का माहौल

Chhattisgarh June 17, 2026 रिपोर्टर: shailesh
महुआ बीनने गई महिला पर हाथी का जानलेवा हमला, मौके पर मौत; ग्रामीणों में भय का माहौल

महुआ बीनने गई महिला पर हाथी का जानलेवा हमला, मौके पर मौत; ग्रामीणों में भय का माहौल

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम पंचायत कुल्हाड़ी में हाथी के हमले से एक ग्रामीण महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महिला बुधवार सुबह करीब 7 बजे महुआ का फल लेने जंगल गई थी। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक दंतैल हाथी ने उस पर हमला कर दिया और कुचलकर मार डाला। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और पिछले कुछ दिनों से इलाके में भटक रहा है। दल से अलग होने के कारण हाथी काफी आक्रामक हो गया है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन अमला क्षेत्र में तैनात है तथा ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में हाथी के करीब न जाने की अपील की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds