बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ की बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की ओर से साइबर अपराधों, बैंक फ्रॉड के साथ साइबर ठगी की रकम खपाने वाले म्यूल अकाउंट होल्डर्स और नेटवर्क के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पलारी पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड की राशि को अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
राजस्थान (जयपुर) निवासी आवेदक कैलाशचंद सेन ने साइबर पोर्टल में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें झांसा देकर उससे 1,08,644 की ठगी की गई थी। ठगी की यह रकम UCO बैंक शाखा पलारी के खाते में ट्रांसफर की गई थी। साइबर पोर्टल से मिली शिकायत की जांच के दौरान पलारी पुलिस ने UCO बैंक खाते से जानकारी और स्टेटमेंट निकाला, तो पता चला कि खिलेंद्र वर्मा ने अपने बैंक खाते में 1,08,644 का संदिग्ध लेनदेन किया है।
इसके बाद पुलिस ने खिलेंद्र वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने खुलासा किया कि रायपुर का दीपेश मल्होत्रा ने उसे बैंक खाता खुलवाकर अवैध रूप से पैसे कमाने का लालच दिया था। इसके बदले उसे कमीशन मिलता था और खाते का संचालन, एटीएम कार्ड के साथ सिम कार्ड आरोपी दीपेश मल्होत्रा कर रहा था।
आरोपियों के कब्जे से दस्तावेज जब्त
जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग और अन्य अवैध गतिविधियों से मिलने वाली ठगी की रकम के ट्रांसफर और लेनदेन के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैन कार्ड की कॉपी और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।