रायपुर : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से शराब की बोतल और बिक्री से मिली नकदी बरामद की है। वहीं बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध था। इसी बीच मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर एक, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही है।सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। पुलिस को पूर्व में भी बार से संबंधित शिकायतें मिलने की बात सामने आई है।
रात 10:30 बजे संचालक गिरफ्तार
निगरानी के दौरान पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे कार्रवाई करते हुए बार संचालक पलाश मल्होत्रा को शराब बेचते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद की, जिसकी कीमत 1150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार शराब और नकदी की कुल कीमत 3450 रुपये है।
सुरक्षा गार्ड की भूमिका की जांच
पुलिस ने बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया है। शराब को बार से बाहर निकालने और ग्राहकों तक पहुंचाने में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गार्ड के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।