जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने का मामला सामने आया है। कुनकुरी थाना क्षेत्र के खजूरबहार गांव में 62 वर्षीय पति ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी 52 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने परिजनों को पत्नी की खाट से गिरकर मौत होने की झूठी कहानी सुनाई और शव को दफना दिया। हालांकि, मृतका की बहन के संदेह ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
खाट से गिरने की बताई थी झूठी वजह
जानकारी के मुताबिक, 6 नवंबर को पार्वती बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि वह खाट से गिर गई थी, जिससे उसकी जान चली गई। उसकी बातो पर विश्वास कर परिजनो ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।
कब्र से निकाला गया शव पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
मृतका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर शक हुआ। उसने 20 नवंबर को पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
टागी से वार कर की थी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते मुखलाल राम ने टांगी के पिछले हिस्से से उसके सिर, माथे और सीने पर वार किए थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।