कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है। तस्करो ने गांजे को ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेंबर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है।
192 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, चिल्फी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे 30 पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेबर से 192 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 407 किलो 330 ग्राम पाया गया।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए है। गिरफ्तार दोनो आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के निवासी बताए गए है।
2.29 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त
पुलिस ने गांजा, कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।