रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून के प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है. इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. मौसम विभाग ने आज शाम प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है.
बारिश की गतिविधियां बढ़ने के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिली है. प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी राजनांदगांव में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा.
छत्तीसगढ़ में जल्द आएगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के आसार हैं. दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश की एक्टिविटी बढ़ सकती हैं. अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में एंट्री के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल बनी हुई हैं.
राजधानी रायपुर में कैसे रहेगा मौसम?
रायपुर शहर में अगले 24 घंटे बादल छाए रहने की संभावना है. कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं.
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और मध्य हिस्से के कुछ जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलीं. हल्की से मध्यम बारिश भी हुई. वहीं उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान करीब 4 डिग्री तक बढ़ा.