छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और वज्रपात को लेकर आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदले वाला है. अगले चार दिनों तक बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है.
देश भर में पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक 9 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में पहुंच गया है. आमतौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार यह एक दिन देरी से पूरे देश में पहुंचा. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून सक्रिय रहने से छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होती रहेगी.
अगले 4 दिन बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं कुछ जगहों पर तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. मानसून के सक्रिय रहने से दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और मौसम सुहावना बना रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
पिछले 24 घंटे में कई जगह हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई. रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजनांदगांव में सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. फिलहाल प्रदेश में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है.