ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 20 से ज्यादा यात्री घायल, 5 गंभीर

कवर्धा : जिले में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। 5 लोगों की हालत गंभीर है। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे- 30 पर शक्कर कारखाने के पास हरिनछपरा गांव में हुई।

खबर मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर एक घंटे के लिए जाम लग गया। पुलिस ने ट्रक और बस को बीच सड़क से हटवाकर यातायात को बहाल किया।

ट्रक ने रॉन्ग साइड से बस को मारी टक्कर

एडिशनल एसपी मनीषा रावटे ने बताया कि यात्री बस पंडरिया से कवर्धा की ओर से आ रही थी और ट्रक कवर्धा से पंडरिया जा रहा था। इस दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। एएसपी ने बताया कि यात्री बस के ड्राइवर ने ट्रक को ग्राम हरिनछपरा के पास रॉन्ग साइड जाकर जोरदार टक्कर मार दी। राहत की बात ये है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है। घायल लोगों का इलाज फिलहाल जारी है। सभी के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

आरोपी बस ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि हादसे में एक यात्री बस की सीट में फंस गया था, जिसे निकाल लिया गया है। उसके पैर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं आरोपी बस ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 20 से ज्यादा यात्री घायल हैं। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर सुरक्षित है। उसका और अन्य घायलों का बयान दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds