लॉगिन

बजट सत्र में दो बड़े विधेयक लाएगी सरकार, 24 फरवरी को पेश होगा राज्य का बजट

Chhattisgarh February 22, 2026 रिपोर्टर: shailesh
बजट सत्र में दो बड़े विधेयक लाएगी सरकार, 24 फरवरी को पेश होगा राज्य का बजट

बजट सत्र में दो बड़े विधेयक लाएगी सरकार, 24 फरवरी को पेश होगा राज्य का बजट

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने प्रेसवार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस बार का बजट सत्र काफी महत्वपूर्ण और गतिशील रहने वाला है। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष दो अहम विधेयक—छत्तीसगढ़ धर्म और स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 तथा छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा प्रवर्तन विधेयक—सदन में पेश करेगा। इन विधेयकों को लेकर राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चाएं तेज हो गई हैं और संभावना जताई जा रही है कि इन पर सदन में लंबी बहस हो सकती है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस बार विधायक सदन में कुल 2813 प्रश्न पूछने वाले हैं, जिससे साफ है कि सत्र के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, योजनाओं और नीतियों पर गहन चर्चा होगी।

प्रश्नकाल के दौरान सरकार को कई मुद्दों पर जवाब देना होगा, जिससे प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा भी होगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रश्नकाल की अहम भूमिका होती है और इससे जनता से जुड़े विषयों को सदन में उठाने का अवसर मिलता है।

रमन सिंह ने यह भी जानकारी दी कि 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओ पी चौधरी राज्य का वार्षिक बजट पेश करेंगे। बजट को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की तैयारियां तेज हो गई हैं।

माना जा रहा है कि इस बार बजट में विकास, बुनियादी ढांचे, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रह सकता है। बजट सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ चुकी है और सभी की निगाहें सरकार की नीतिगत प्राथमिकताओं और नए प्रस्तावों पर टिकी हुई हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds