10वीं-12वीं बोर्ड के आंसरशीट से निकाले स्टिकर, माशिमं ने 4 शिक्षकों पर दिये कार्रवाई के निर्देश

रायपुर : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं बोर्ड एग्जाम की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है। मूल्यांकन के लिए प्रदेश में 36 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। इससे पहले उत्तर पुस्तिकाओं से स्टिकर निकालने का बड़ा मामला सामने आया है। मंडल ने इस संबंध में आरोपी चार शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किये हैं।

पहले दिन मूल्यांकन व्यवस्था का जायजा लेने माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव आईएएस पुष्पा साहू दुर्ग जिला स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्च माध्य विद्यालय और स्वामी आत्मानंद जेआरडी उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची। उन्होंने मूल्यांकन के संबंध में मूल्यांकनकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिये। साथ ही कहा कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए मूल्यांकन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने मूल्यांकन में गोपनीयता बरतने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ मूल्यांकनकर्ताओं ने उत्तर पुस्तिका से स्टीकर निकाल दिये थे। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए चार मूल्यांकनकर्ता शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। माशिमं की ओर से मूल्यांकन को लेकर पूर्व में ही दिशा निर्देश जारी किये गए थे। सचिव साहू ने कहा कि मूल्यांकनकर्ताओं को निर्देशों का पालन करते हुए उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है।

इससे पूर्व उन्होंने गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी मूल्यांकन के लिए समस्त मूल्यांकन केन्द्राधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली थी। इसमें सचिव ने निर्देशित किया कि परीक्षा परिणाम किसी विद्यार्थी की वर्षभर की मेहनत का आकलन है। यह विद्यार्थी की दशा एवं दिशा दोनों को प्रभावित करता है, इसलिए मूल्यांकन जैसे अतिमहत्वपूर्ण कार्य को पूरीनिष्ठा, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds