अमेरिका के फ्लोरिडा में गोलीबारी, तीन की मौत, संदिग्ध भी मारा गया

वाशिगठन : फ्लोरिडा में एक संदिग्ध ने मकान के भीतर लोगों पर गोलियां चलाईं। इस घटना में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में रविवार तड़के संदिग्ध भी मारा गया। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी और तभी मकान के भीतर से गोलियाें की आवाज सुनी गई।

ओरलैंडो पुलिस ने बताया, संदिग्ध ने तड़के करीब 2.25 बजे अधिकारियों पर गोली चलाई। वहीं, घर के अंदर एक बच्चे सहित तीन लोग घायल मिले, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई ।

कांगो में आतंकी हमले में 21 की मौत, आईएस ने ली जिम्मेदारी

किंशासा। मध्य अफ्रीकी देश कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के पूर्वी हिस्से में एक गांव में हुए आतंकी हमले में करीब 21 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेस के आतंकियों ने पूर्वी डीआर कांगो में शुक्रवार को एक गांव के पास घात लगाकर हमला किया था।

पोप फ्रांसिस की दुनिया से अपील  खत्म कराएं रूस और यूक्रेन युद्ध

वेटिकन सिटी। ईस्टर के त्योहार पर दिए संदेश में पोप फ्रांसिस ने रूस और यूक्रेन के लोगों के लिए दुआ करने की अपील की है। वहीं, पोप ने उन देशों की भी सराहना की है, जिन्होंने शरणार्थियों को पनाह दी। ईस्टर पर दिए संदेश में पोप ने दुनिया में लड़े जा रहे सभी युद्ध को खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा, शांति हासिल करने की राह पर यूक्रेन के लोगों की मदद करें और रूस के लोगों के लिए भी दुआ करें।

खुफिया जानकारी के लिए रूस के नागरिकों पर एफबीआई की नजर

वाशिंगटन। यूक्रेन युद्ध का कोई अंत नहीं होता देख अमेरिकी खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) रूसी नागरिकों के जरिये खुफिया जानकारी जुटाने की कोशिशों में जुट गई है। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर नजर रख रही है और रूसी नागरिकों को जासूसी के लिए भर्ती करने की भी कोशिश में है।

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक व ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें अमेरिका की राजधानी और रूसी दूतावास के दृश्य प्रदर्शित किए गए हैं। इसमें रूसी भाषा में एक आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि अगर रूसी लोग अमेरिका को खुफिया जानकारी देते हैं तो एफबीआई उनका भविष्य बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds