385 यात्रियों पर रेलवे ने की कार्रवाई… अब पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस में लगेगी एलएचबी कोच

रायपुर. बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने 20 अगस्त को बिलासपुर स्टेशन सहित चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में सघन नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया. अभियान के दौरान 26 ट्रेनों की जांच की गई और 385 मामलों में कुल 3 लाख 17 हजार 410 रुपए का जुर्माना वसूला गया.

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टिकट जांच कर्मचारियों की टीम शामिल रही. जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 285 मामले सामने आए, जिनसे 2 लाख 59 हजार 800 रुपए जुर्माना वसूला गया. इसी तरह अनियमित टिकट के 77 मामलों में 55 हजार 105 रुपए तथा बिना बुक किए गए सामान के 23 मामलों में 2 हजार 505 रुपए का जुर्माना लगाया गया.

अब पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस में लगेगी एलएचबी कोच

रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन ने पोरबंदर-शालीमार और पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस को आधुनिक एलएचबी कोच से संचालित करने का निर्णय लिया है. पारंपरिक कोचों की जगह इन ट्रेनों में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी.

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12905 पोरबंदर-शालीमार एक्सप्रेस में 21 अक्टूबर 2026 से और गाड़ी संख्या 12906 शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस में 23 अक्टूबर 2026 से एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. इसी तरह गाड़ी संख्या 12949 पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस में 23 अक्टूबर 2026 से तथा गाड़ी संख्या 12950 सांतरागाछी-पोरबंदर एक्सप्रेस में 25 अक्टूबर 2026 से आधुनिक एलएचबी कोच की सुविधा उपलब्ध होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds