राहुल गांधी शाजापुर के पोलायकला में कहा, ये विचारधारा की लड़ाई है, एक तरफ गांधीजी दूसरी तरफ गोडसे

शाजापुर :  राहुल गांधी ने शाजापुर के पोलायकला में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह विचारधारा की लड़ाइ है। एक तरफ गांधीजी है और दूसरी तरफ गोडसे। जहां भी ये लोग जाते हैं वहां नफरत फैलाते है। मध्य प्रदेश का युवा, किसान इनसे नफरत करने लगा है। उन्होंने जो जनता के साथ किया अब जनता इनके साथ कर रही है। इसलिए हमने मध्य प्रदेश में जन आक्रोश यात्रा निकाली है।

देश चलाने वाले 90 अफसरों में कितने ओबीसी

राहुल गाँधी ने कहा कि कानून आरएसएस वाले लोग बनाते हैं, कानून अफसर बनाते हैं, कानून भाजपा के सांसद और विधायक नहीं बनाते। एक और सच्चाई यह है कि हिंदुस्तान को 90 अफसर चलाते हैं। मैं हिंदूस्तान के सभी ओबीसी से पूछता हूं कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सरकार में आपकी भागीदारी है। आप बताइए इन 90 अफसरों में ओबीसी कितने हैं?

कांग्रेस सांसद ने कहा, अब वह समय आ गया है कि हमें भारत का एक्स-रे करना है। यह पता लगाना है कि अगर 90 अफसर देश को चला रहे हैं और उसमें ओबीसी की भागीदारी 5 प्रतिशत है तो क्या देश में ओबीसी की आबादी 5 प्रतिशत है? देश में एक ही मुद्दा है जातिगत जनगणना। ओबीसी कितने हैं और उनकी भागीदारी कितनी होनी चाहिए, यही सबसे बड़ा सवाल है। हमारी सरकार बनी तो जातिगत जनगणना कराएंगे। जैसे ही हमारी सरकार बनेगी हम देश को बता देंगे कौन सी जाति के कितने लोग हैं।

महाकाल कारिडोर में भाजपा ने पैसा चोरी किया

राहुल गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश हिंदुस्तान में भ्रष्टाचार का एपी सेंटर है। महाकाल कारिडोर में भाजपा ने पैसा चोरी किया है। यहां एमबीबीएस की सीट बेची जाती हैं और पेपर लीक किए जाते हैं। छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक में किसानों का कर्ज माफ किया यहां पर कमल नाथ जी कर्जा माफ करवा रहे थे। लेकिन भाजपा ने आपकी सरकार को कब्जा कर लिया।

हिंदुस्तान के किसान इनके खिलाफ खड़े हो गए

राहुल गांधी ने कहा कि किसान टैक्स दे रहा है और इन्होंने जीएसटी लागू किया, पांच काले कानून लाए। ये किसानों को दबाने का काम करते हैं। हिंदुस्तान के सारे किसान इनके खिलाफ खड़े हो गए। मोदी जी कहते हैं कि मैं किसानों के लिए यह कानून लाया, अगर किसानों के लिए यह कानून लाए तो फिर किसान इनके खिलाफ क्यों खड़े हुए। हमारी सरकार गरीब कमजोरों के लिए काम करती है। कर्नाटक में महिलाओं को कहीं भी जाना हो बस मुफ्त यात्रा करती है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार जनता के लिए चलनी चाहिए किसी संगठन या एक दो उद्योगपतियों के लिए नहीं चलनी चाहिए।

महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं दिया

कुछ दिन पहले भाजपा ने महिला आरक्षण की बात कही, कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाया। हमने कहा कि महिला आरक्षण जो आप कर रहे हो वो अच्छा है। इसमें दो लाइन लिखी हैं इसे मिटाइये। एक लाइन थी, महिला आरक्षण से पहले सर्वे करने की जरूरत है। दूसरी लाइन में लिखा था महिला आरक्षण से पहले डिनोटिफिकेशन करना है। अब इससे महिला आरक्षण 10 साल बाद होगा, अभी नहीं होगा। इसके साथ ही महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि 4 राज्यों में हमारी सरकार है, जिसमें से तीन सीएम ओबीसी हैं।

इस दौरान मंच पर पूर्व सीएम कमल नाथ, दिग्विजय‍ सिंह, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, हुकुमसिंह कराड़ा, सज्जन वर्मा, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी, राम निवास रावत सहित विवेक तन्खा, आरिफ मसूद, शोभा ओझा सहित कई विधायक सभा मंच पर मौजूद हैं, सभा को लेकर लोगों में उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button