खेत तक सड़क पर प्रधानमंत्री मोदी ने किया ट्वीट, लिखा “छत्तीसगढ़ की ख़ुशी में सारा देश शामिल….किसान को बधाई

रायपुर: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बारे में ट्वीट किया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रोजेक्ट के बारे में यह ट्वीट किया गया है। दरअसल, प्रदेश के बिलासपुर के रहने वाले एक किसान के खेत तक सड़क बन गई है, इससे वह बहुत खुश था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी खुशी में शामिल होते हुए ट्वीट कर लिखा कि, इस खुशी में पूरा देश शामिल है।

बिलासपुर सांसद और छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण साव ने ट्वीट किया कि, किसान जनकराम ने अपने गांव पेंडरबेरा में सड़कों की कनेक्टिविटी की तारीफ की। साव ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें किसान ने कहा है कि, उसे सरकार से आज तक किसी भी तरह का कोई फायदा नहीं हुआ, मगर अब उसके खेत तक सड़क बन जाने से 4 गांवों को फायदा हुआ है और इसके लिए वह बेहद खुश है।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया ट्वीट- बिलासपुर के इन लोगों की खुशी में पूरा देश शामिल

इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के इन लोगों की खुशी में पूरा देश शामिल है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की ऐसी उपलब्धियां उत्साहित करने वाली हैं।

40,000 से ज्यादा गांवों को योजना के तहत मिली सड़कें

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की जानकारी देते हुए सांसद अरुण साव ने अपने एक दूसरे ट्वीट में लिखा- भारत ने पिछले 9 सालों में ग्रामीण सड़कों की लगभग उतनी ही लंबाई जोड़ी है, जितनी इससे पहले 70 सालों में थी। साव ने आगे लिखा- अकेले छत्तीसगढ़ में 40,000 से ज्यादा गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से जोड़ा गया है। खराब सड़क नेटवर्क किसी क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहता हैं। जब किसी गांव को अच्छा, ऑल वेदर रोड नेटवर्क मिलता है, तो यह पूरे गांव का भाग्य बदल देता है।

प्रदेशाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्यक्त किया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आभार व्यक्त करते हुए साव ने लिखा- किसान अपनी उपज की अच्छी कीमत पर बेचने के लिए गांव से कस्बों और शहरों में जाते हैं। शिक्षक और विद्यार्थी समय से विद्यालय जा पाते हैं। सरकारी अधिकारी गांव आने में संकोच नहीं करते। लोगों को व्यवसाय स्थापित करने और रोजगार पैदा करने के लिए अवसर मिलता है। एंबुलेंस समय पर पहुंचती है, जिससे कीमती जान बचती है। साव ने कहा कि, सिर्फ बिलासपुर ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के लोगों की आकांक्षा पूरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds