‘रामायण’ के इस सीन में रामानंद सागर के साथ फूट-फूटकर रोई थीं पद्मा खन्ना, इस कारण छोड़ दी इंडस्ट्री

मुंबई : रामानंद सागर के सीरियल ‘रामायण’ की कैकेयी का रोल एक्ट्रेस पद्मा खन्ना ने निभाया था। पद्मा खन्ना ने भोजपुरी फिल्मों से एक्टिंग डेब्यू किया था और फिर बॉलीवुड में भी काम किया। लेकिन फिर अचानक ही फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी थी। इसकी क्या वजह थी? अब वह क्या करती हैं? जानिए:
अब कहां और किस हाल में हैं ‘रामायण’ की ‘कैकेयी’ पद्मा खन्ना?
एक्ट्रेस पद्मा खन्ना याद हैं? फिल्म ‘अभिमान’ में वह अमिताभ बच्चन की पत्नी के रोल में थीं। उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। पर फिल्मों से ज्यादा लोग पद्मा खन्ना को रामानंद सागर की ‘कैकेयी’ के नाम से जानते हैं। पद्मा खन्ना ने ‘रामायण’ सीरियल में कैकेयी का किरदार निभाया था। इसने उन्हें घर-घर मशहूर कर दिया था। पद्मा खन्ना कई साल से फिल्म और टीवी की दुनिया से कोसों दूर हैं, पर आज भी लोग उन्हें ‘कैकेयी’ के नाम से जानते हैं। पद्मा खन्ना अब कहां हैं और क्या करती हैं, जानते हैं? आखिर उन्होंने बॉलीवुड क्यों छोड़ दिया था? ‘थ्रोबैक थर्सडे’ हम आपको उनकी कहानी बता रहे हैं।
अमिताभ की हीरोइन, भोजपुरी फिल्मों में काम
पद्मा खन्ना को आज भी ‘हुस्न के लाखों रंग’ गाने के लिए याद किया जाता है। इस गाने में उन्होंने गजब ढा दिया था। उन्होंने ‘दाग’, ‘सौदागर’, ‘जोशीला’, ‘नूरी’, ‘बहारों के सपने’ और ‘अनहोनी’ जैसी दर्जनों फिल्मों में काम किया। पद्मा खन्ना एक एक्ट्रेस ही नहीं बल्कि डायरेक्टर भी रही हैं। वह बॉलीवुड के अलावा भोजपुरी फिल्मों में भी नजर आईं।
‘रामायण’ की ‘कैकेयी’ बन हुईं मशहूर
लेकिन फिल्मों से पद्मा खन्ना को इतनी पॉपुलैरिटी नहीं मिली, जितनी टीवी की ‘कैकेयी’ बनकर मिली। पद्मा खन्ना ‘कैकेयी’ बनकर मशहूर हो चुकी थीं, जिसका श्रेय रामानंद सागर को जाता है। उस रोल ने पद्मा को हमेशा के लिए अमर कर दिया।
खूब रोए रामानंद सागर और पद्मा खन्ना
’रामायण’ में पद्मा खन्ना कोप भवन वाला सीन शूट कर रही थीं, जिसके दौरान वह और रामानंद सागर खूब रोए थे। ‘हाय इंडिया’ न्यूजपेपर को दिए इंटरव्यू में पद्मा खन्ना ने इस बारे में बताया था, ‘रामानंद सागर कोप भवन का वह सीन डायरेक्ट कर रहे थे, जिसमें कैकेयी, राजा दशरथ से नाराज हो जाती हैं। वह सीन इमोशनली इतना ज्यादा हेवी था कि मैं और रामानंद सागर कैमरा बंद होने के बाद भी काफी देर तक रोते रहे।’
12 साल की उम्र में स्टेज पर परफॉर्म
पद्मा खन्ना ने 7 साल की उम्र से डांस सीखना शुरू कर दिया। 12 साल की उम्र में उन्होंने तबला वादक पंडित शमता प्रसाद के साथ स्टेज पर परफॉर्म किया था। वह कथक में भी माहिर हैं।पद्मा खन्ना ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत भोजपुरी सिनेमा से की थी। 12 साल की उम्र में 1961 में उन्होंने फिल्म ‘भैया’ से एक्टिंग डेब्यू किया था।
70 के दशक में स्टारडम
पद्मा को बड़ा ब्रेक तब मिला, जब उन्होंने 1970 में फिल्म ‘जॉनी मेरा नाम’ में कैबरे डांसर का रोल किया। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया। पद्मा खन्ना अपने करियर में विभिन्न भाषाओं में 400 से भी ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
पद्मा खन्ना ने इसलिए छोड़ी फिल्म इंडस्ट्री
पद्मा ने बॉलीवुड क्यों छोड़ा था? इस बारे में पूछे जाने पर एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मैं बॉलीवुड छोड़कर न्यू जर्सी इसलिए आई क्योंकि मुझे यहां भारतीय क्लासिकल आर्ट की कमी दिखी। मेरे बच्चे भी आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका जाना चाहते थे। मैं और पति बच्चों से दूर नहीं रह सकते थे। इसलिए हम परिवार के साथ अमेरिका में बस गए।’