ओपन स्कूल की परीक्षा का टाइम टेबल जारी, इस दिन से शुरू होंगे हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के एग्जाम

रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल (CGSOS) से पढ़ने वाले छात्रों के लिए अहम खबर है. अगस्त-सितंबर 2026 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं को लेकर समय सारणी जारी कर दी गई है. इन दोनों ही कक्षाओं की परीक्षआएं 10 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रही है. ऐसे में छात्रों को तैयारी के लिए लगभग डेढ़ महीने का समय बचा हुआ है.

आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है टाइम टेबल

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल (CGSOS) द्वारा जारी आदेश के अनुसार हाईस्कूल की परीक्षाएं 10 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएंगी, जबकि हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 10 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक चलेंगी. परीक्षा का टाइम टेबल छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है. छात्र वहां से भी समय सारणी डाउनलोड कर सकते हैं.

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की तरफ से छात्रों को परीक्षा संबंधी कुछ निर्देश भी दिए गए हैं. इन निर्देशों में सबसे अहम बात ये है कि आवश्यकता पड़ने पर छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा की तिथि और समय में परिवर्तन कर सकता है. इतना ही नहीं प्रायोगिक परीक्षाएं 29 अगस्त 2026 तक संबंधित केंद्राध्यक्ष अपनी सुविधा अनुसार अनिवार्य रूप से आयोजित कराएंगे और इसकी सूचना सैद्धांतिक परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को दी जाएगी.

अवकाश घोषित होने पर भी चलती रहेगी परीक्षाएं

परीक्षाकाल के दौरान यदि शासन द्वारा सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी

छात्रों के लिए जरूरी निर्देश

छात्रों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षार्थी परीक्षा तिथि, विषय और समय का मिलान पहले से कर लें और प्रवेश पत्र के साथ अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार रखें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds