एक लाख के ईनामी नक्सली ने किया दंतेवाडा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण

दंतेवाड़ा: दंतेवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, हत्या और आगजनी के कम से कम नौ मामलों में कथित तौर पर संलिप्त एक नक्सली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पित नक्सली राजू लेकाम की उम्र 35 साल है। नक्सली बीजापुर जिले के बैरमगढ़ क्षेत्र में नक्सलियों के जनताना सरकार इकाई में सक्रिय था और उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था लेकिन उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने के दौरान लेकाम ने बताया कि उसने पुलिस के पुनर्वास कार्यक्रम ‘लोन वर्रातु’ से प्रभावित होकर और नक्सलियों की ‘खोखली’ विचारधारा से हताश होकर यह कदम उठाया है। नक्सली लेकाम एक दशक से अधिक समय से प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा हुआ था और हत्या, पुलिस टीम पर हमले, इलाके में रेल पटरियों को उखाड़ने सहित कम से कम नौ मामलों में वांछित था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लेकाम वर्ष 2013 से 2020 तक दक्षिण बस्तर में चार लोगों की हत्या के अलग-अलग मामले में वांछित था। जिन पर उसने पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि जून 2020 में पुलिस द्वारा शुरू ‘लोन वर्रातु’ (अपने घर या गांव को लौटो) योजना के तहत अब तक 150 इनामी सहित कुल 592 माओवादी सरेंडर कर चुके हैं।