हिमाचल के 15वें CM बनेंगे सुखविंदर सुक्खू, कुछ देर लेंगे शपथ

कांग्रेस के नेता सुखविंदर सुक्खू आज दोपहर डेढ़ बजे शिमला के रिज मैदान में हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे।

कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) आज दोपहर डेढ़ बजे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कुछ कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे। हिमाचल में कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या मुख्यमंत्री सहित 12 हो सकती है। कैबिनेट का विस्तार बाद में होगा। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे 58 वर्षीय सुखविंदर सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे। कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 68 में से 40 सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया है। मतदान 12 नवंबर को हुआ था और परिणाम गुरुवार को घोषित किए गए थे।

सुक्खू के शपथ ग्रहण में शामिल होने को रिज मैदान में उमड़ी भारी भीड़

सुखविंदर सिंह सुक्खू के हिमाचल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण का गवाह बनने के लिए शिमला के ऐतहासिक रिज मैदान में भारी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता का हुजूम उमड़ पड़ा है।

हिमाचल प्रदेश की जनता ने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया : पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि मुझे विश्वास है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करने में सक्षम होंगे। हिमाचल प्रदेश की जनता ने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया। प्रदेश के विकास के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे।

शपथ ग्रहण में शामिल होने को राहुल और प्रियंका गांधी पहुंचे शिमला

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए संजौली हेलीपैड पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हम बहुत खुश हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button