हिमाचल प्रदेश: कुल्लू के काइस और न्योली में फटा बादल, गाड़िया बहीं, एक की मौत, 3 घायल

शिमला: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सोमवार तड़के बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य आपात प्रतिक्रिया केंद्र के अनुसार, कुल्लू में कायास गांव के पास तड़के करीब 3 बजकर 55 मिनट पर बादल फटा, जिससे कई वाहन बह गए और एक सड़क अवरुद्ध हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, बादल फटने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी पहचान कुल्लू के चंसारी गांव के रहने वाले बादल शर्मा के रूप में की गई है।

वहीं,  पुलिस ने मौके पर जाकर पाया कि बादल फटने से सड़क किनारे बोलेरो कैंपर गाड़ी नंबर HP34A 9595 में सोये हुए चार व्यक्ति चपेट में आ गए हैं। जिसमे एक बादल शर्मा पुत्र गणेश शर्मा गाव चन्सारी डाक घर बारी पधर तह0 व जिला कुल्लू उम्र 28 साल की मृत्यु हुई है। अन्य दो व्यक्ति खेम चंद पुत्र नानक चांद गाव बडोगी डाक घर न्योली तह0 व जिला कुल्लू उम्र 53 साल व सुरेश शर्मा पुत्र लैस राम गाव चन्सारी डाकघर बारी पधर तह0 व जिला कुल्लू उम्र 38 साल घायल हुए है। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा गाड़ी चालक कपिल पुत्र कमलेश शर्मा गाव चन्सारी डाकघर बारी पधर तह0 व जिला कुल्लू उम्र 31 साल को कोई चोट नही आई है। इसके अलावा अन्य 6 गाड़ियों व 3 दोपहिये वाहनों को नुकसान हुए है।

अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्राधिकारियों ने मोर्चा संभाला और सड़क मार्ग को साफ कराने के लिए मशीनों को तैनात किया। उन्होंने कहा कि सड़क के अवरुद्ध होने के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही है।

मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय कार्यालय ने सोमवार को राज्य में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया था। राज्य आपात प्रतिक्रिया केंद्र के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 24 जून को मानसून की दस्तक के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं और सड़क हादसों में 118 लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश के कारण राज्य को कुल 4,415 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds