बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई उड़ान, एनएमडीसी के 25 करोड़ रुपए के सहयोग से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू

रायपुर : स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए एनएमडीसी के वित्तीय सहयोग से जगदलपुर में अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की शुरुआत की गई है. एनएमडीसी मुख्यालय हैदराबाद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में वर्चुअल माध्यम से इस अस्पताल का उद्घाटन किया.

यह अस्पताल प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विकसित किया गया है. अस्पताल के संचालन और प्रबंधन के लिए एक प्रतिष्ठित निजी स्वास्थ्य सेवा संस्था को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि प्रारंभिक संचालन व्यय की जिम्मेदारी एनएमडीसी द्वारा निभाई जा रही है.

वंचित समुदायों को मिलेगा निःशुल्क उपचार

एनएमडीसी द्वारा समर्थित यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल क्षेत्र के वंचित और जरूरतमंद समुदायों को निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा. एनएमडीसी ने कहा कि बस्तर के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है और यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी.

एनएमडीसी ने दिया ₹25 करोड़ का सहयोग

एनएमडीसी ने इस अस्पताल के संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से विकसित करने के लिए ₹25 करोड़ का वित्तीय सहयोग प्रदान किया है. कंपनी ने अगले पांच वर्षों तक निरंतर वित्तीय सहायता देने की प्रतिबद्धता भी जताई है, ताकि अस्पताल आत्मनिर्भर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली विकसित कर सके. प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एनएमडीसी लंबे समय से बस्तर क्षेत्र में सामाजिक अधोसंरचना, विशेषकर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में निवेश करता रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds