बिलासपुर. अचानकमार टाइगर रिजर्व में चार माह से बंद गेट का दरवाजा आठ दिन बाद एक नवंबर से ओपन कर दिया जाएगा, जहां भ्रमण करने के लिए 100 से अधिक आनलाइन बुकिंग वर्तमान में की जा चुकी है. इसमें सैलानियों को भ्रमण कराने के लिए जिप्सी के साथ आराम के लिए रिसॉर्ट के भी बंद दरवाजे खोल दिए जाएंगे.
Achanakmar Tiger Reserve में कोर जोन का भ्रमण और सफारी सहित रिसार्ट की बुकिंग बारिश के मौसम से चार माह तक बंद कर दिया गया था. बारिश के मौसम में वन्यप्राणियों के ब्रीडिंग के दौरान गाड़ियां चलने के कारण समस्या भी आती है. प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी चार माह के लिए एटीआर के कोर जोन में भ्रमण और सफारी की सुविधा को बंद किया गया था. बफर जोन में ग्रामीणों सहित अन्य लोगों का आना-जाना चलता रहा. चार माह की अवधि आठ दिन बाद 31 अक्टूबर को समाप्त हो रही है.
एक नवंबर से ATR प्रबंधन को सफारी की सुविधा के साथ कोर जोन का रास्ता भी ओपन करना है. प्रबंधन के अनुसार कोर जोन में जिस रास्ते पर सफारी में सैलानी भ्रमण करने के लिए निकलते हैं, वहां करीब 25 से 30 किलोमीटर की जर्जर हो चुकी सड़क का सुधार कार्य कर लिया गया है. इस सड़क पर सीसी रोड का निर्माण नहीं किया जा सकता है, जिसके कारण मुरुम बिछाने और मरम्मत कार्य किया गया है, ताकि उस सड़क पर चलने वाली जिप्सी में सवार सैलानियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रबंधन ने सभी समिति के सदस्यों को अपनी-अपनी सफारी को शुरु करने की तैयारी का आदेश जारी कर दिया है.
इस दौरान 1 नवंबर से एटीआर के गेट ओपन होने से पहले भ्रमण करने वाले सैलानियों में काफी उत्साह है. अब तक 100 से अधिक सैलानियों की रिसॉर्ट और जिप्सी के लिए बुकिंग हो चुकी है, जिसमें दो शिफ्ट सुबह 6 से 9 बजे और दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक का समय भ्रमण के लिए निर्धारित किया गया है.
सड़क की मरम्मत
Achanakmar Tiger Reserve प्रबंधन के अनुसार अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर जोन का रास्ता चार माह तक बंद रहता है. इस दौरान बारिश की वजह से सड़क भी प्रतिवर्ष खराब हो जाती है. बारिश थमने के बाद सड़क की मरम्मत और अन्य कार्य करा दिए गए हैं, ताकि जिप्सी का परिचालन उसमें किया जा सके.
Achanakmar Tiger Reserve का केंवची गेट भी होगा ओपन
अचानकमार टाइगर रिजर्व में कोर जोन में भ्रमण करने के लिए शिवतराई के अलावा एक नया गेट केचची में भी बनाया गया है. इस गेट को अंतिम स्वरूप देने के बाद एक नवम्बर से शुरु करने का निर्णय पहले लिया गया था, लेकिन वर्तमान एटीआर के डिप्टी डायरेक्टर के ट्रेनिंग में जाने की वजह से इस गेट को एक नवम्बर के बजाय सप्ताह में किसी भी दिन ओपन करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि सैलानी अमरकंटक और लोरमी की ओर से भी प्रवेश कर सकें.
जिप्सी और रिसॉर्ट सहित गेट ओपन
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शिवतराई गेट से सैलानियों का प्रवेश होगा. इसके साथ ही केवची का गेट भी बनाया गया है. जिसकी ओपनिंग की जाएगी. खराब सड़क को बना लिया गया है, जिससे सैलानियों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. गेट के साथ जिप्सी और रिसॉर्ट को भी एक नवंबर से ओपन कर दिया जाएगा.