लॉगिन

मध्‍य अफ्रीका के दक्षिणी किवू में सोने से लदी गाड़ी पर हमला, 2 चीनी नागरिकों की गई जान

World September 3, 2023 रिपोर्टर: shailesh
मध्‍य अफ्रीका के दक्षिणी किवू में सोने से लदी गाड़ी पर हमला, 2 चीनी नागरिकों की गई जान

मध्‍य अफ्रीका के दक्षिणी किवू में सोने से लदी गाड़ी पर हमला, 2 चीनी नागरिकों की गई जान

किन्शासा: मध्‍य अफ्रीका में आने वाले कांगो लोकतान्त्रिक गणराज्य (DRC) में चीनी नागरिकों को निशाना बनाया गया है। यहां पर एक काफिले पर हमला हुआ जिसमें कुल चार लोगों के मारे जाने की खबरें हैं जिसमें से दो चीनी नागरिक हैं। शुक्रवार को यह हमला दक्षिण किवू प्रांत के फिजी क्षेत्र में उस समय हुआ जब टीएमएस माइनिंग के चार वाहन जिन पर सोना लदा था किंबी नदी के किनारे से गुजर रहे थे। जिस जगह पर हमला हुआ है, उसे दक्षिण किवू का सबसे अशांत इलाका माना जाता है।

सोने के पैकेट भी चोरी

चीन यहां पर सोने की खदानों में खुदाई करने में लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सोने के पैकेट चुरा लिए और उन्हें जंगल में ले गए। फिजी के एक अधिकारी सैमी बडीबांगा कालोंडजी ने भी इस घटना की पुष्टि की है। मारे गए दो अन्य लोग एक सैनिक और कांगो का ड्राइवर था। कालोंडजी ने कहा कि हमले में तीन अन्य लोग घायल हो गए जिसमें से एक चीनी नागरिक है जबकि दो स्थानीय लोग हैं। कालोंडजी नेबताया कि हमलावर पड़ोसी मणिमा क्षेत्र से थे। चीन DRC में एक प्रमुख निवेशक है। वह यहां पर लाभदायक खनन उद्योग को अपने कब्‍जे में ले चुका है।

निशाने पर चीनी कंपनियां

दक्षिण किवु कई हमलों का गवाह रहा है जो सशस्त्र समूहों द्वारा किए गए हैं। साथ ही यहां पर स्थानीय लोगों और चीनी खनन फर्मों के बीच अक्‍सर तनाव और हिंसा की खबरें आती रही हैं। आने वाले दिनों में पुलिस की तरफ से हमलावरों को खोजने और गिरफ्तार करने के लिए सुरक्षा को बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि इस वजह से सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच झड़पें बढ़ सकती हैं। कांगो लोकतान्त्रिक गणराज्य में सोने का उत्पादन काफी ज्‍यादा है। यहां पर कई बड़े प्रोजेक्‍ट्स भी चल रहे हैं। ग्‍लोबल डेटा के अनुसार, कांगो लोकतान्त्रिक गणराज्य साल 2022 में सोने का दुनिया का सोलहवां सबसे बड़ा उत्पादक है। साल 2021 की तुलना में यहां पर उत्‍पादन 0.1 फीसदी तक बढ़ गया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds