केशकाल । केशकाल घाट क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी कर गलत तरीके से ओवरटेकिंग करना एक वाहन चालक को भारी पड़ गया। ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में दूसरे ट्रेलर चालक के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और तलवार से हमला करने के मामले में केशकाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ओवरटेकिंग को लेकर हुआ विवाद
ओवरटेकिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ट्रेलर चालक विक्रम सिंह ने तारसेन सिंह एवं उनके साले हिरासिंह के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने ट्रेलर वाहन से धारदार तलवार निकालकर दोनों पर हमला कर दिया।
अर्जुन नगर सुपेला, जिला दुर्ग निवासी है आरोपी
मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर केशकाल पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह पिता बख्शीस सिंह निवासी अर्जुन नगर सुपेला, जिला दुर्ग के विरुद्ध थाना केशकाल में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रितेश मिश्रा सहायक उप निरीक्षक सुरेश मरकाम एवं हेमंत देवांगन, प्रशिक्ष उप निरीक्षक राखी यादव, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम एवं विनय बघेल, महिला प्रधान आरक्षक बिमला मण्डावी सहित आरक्षक धर्मेंद्र नेगी, मनोहर निषाद, सदासिंह नेताम, लिलेश्वर ध्रुव, महिला आरक्षक सुमन आयाम, सोनल यादव एवं गोपनीय सैनिक अनिल कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।