CG : पुरानी रंजिश में चार भाइयों पर चाकू और हथोड़े से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार अन्य आरोपी फरार

अंबिकापुर : बिहार के औरंगाबाद जिले से शहर में आकर बढ़ई का काम करने वाले युवकों के समूह ने सोमवार की रात शहर में जमकर गुंडागर्दी की। रंजिश पर चार भाइयों को समझौते के नाम पर साजिश के तहत बुलाया। इसके बाद उन पर जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाकर भागे भाइयों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। रामानुजंगज मार्ग के पेट्रोल पंप पर छिपे भाइयों पर चाकू और हथोड़े से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। चारों भाइयों को मिशन अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।

मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को हत्या के प्रयास के आरोप पर गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपित फरार हैं। उनकी भी खोजबीन की जा रही है। बिहार के औरंगाबाद जिले के ग्राम बसडीहा गोपाल कुटुम्बा निवासी चुनमुन शर्मा अपने भाई संटू शर्मा , विकाश शर्मा, निरज शर्मा व चचेरा भाई सोनू शर्मा के साथ किराए के मकान में रहकर बढ़ई का काम करता है।

इसी के गांव का संतोष शर्मा, अरविंद शर्मा, पप्पू शर्मा व परिवार के सदस्य भी अंबिकापुर के संजय पार्क के समीप निवास करते हैं। इन दोनों परिवार का बिहार के पुश्तैनी गांव से ही कोई विवाद है। इसी विवाद के कारण अंबिकापुर शहर में भी इनके संबन्ध अच्छे नहीं है। बीती रात आरोपित संतोष शर्मा ने सुनियोजित साजिश के तहत पुराने प्रकरण में समझौता के नाम पर घायल संटू शर्मा को फोन कर रामानुजंगज नाका चौक के समीप बुलाया।

संटू शर्मा के साथ उसके भाई लोग भी थे। रामानुजंगज नाका चौक पहुंचते ही आरोपित संतोष शर्मा, अरविन्द शर्मा, पप्पू शर्मा एवं अन्य ने इन पर चाकू और हथौड़ा से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए ये लोग पेट्रोल पंप के आफिस में जाकर घुस गए। यहां भी आरोपितों ने बड़ी बेरहमी से चाकू और लात घूंसे से इन्हें पीटा। भय का माहौल बनाते हुए सभी आरोपित भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। हमले से घायल विकास शर्मा, नीरज शर्मा, संटु शर्मा, सोनू शर्मा को मिशन अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने उसका मरणासन्न बयान भी दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 294, 506, 323, 307 भा. द. वि. एवं 25-27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित संतोष शर्मा, अरविन्द शर्मा एवं पप्पू शर्मा को पकड़ लिया है। ये सभी बसडीहा गोपाल कुटुम्बा जिला औरंगाबाद बिहार के रहने वाले हैं। इनके पास से पुलिस ने हथोड़ा और चाकू बरामद किया है। घटना में संलिप्त अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button