रायपुर : छत्तीसगढ़ में ठंड का सितम जारी है. एक बार फिर सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. वहीं, घना कोहरा मुसीबत बना हुआ है. मौसम विभाग ने आज कई जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है. वहीं, सरगुजा संभाग में घने कोहरे और तापमान में गिरावट का अलर्ट जारी किया है. जानें आज छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा मौसम-
IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक घने कोहरे की वजह से जिलों में विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है. वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट भी आ सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा.
3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में दिन का तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है,
वहीं, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है.
रायपुर में हल्की धुंध छाई रह सकती है.
सबसे ज्यादा ठंडा रहा अंबिकापुर
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
सरगुजा संभाग में छाया घना कोहरा
वहीं, शुक्रवार को भी सरगुजा संभाग में घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण सुबह के समय विजिबिलिटी बहुत कम होकर सिर्फ 10 से 20 मीटर तक सिमट गई थी. घने कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक संभाग में कोहरे का प्रभाव बने रहने की संभावना जताई है. साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की है.