बलौदा बाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बेटी की डिलीवरी और इलाज के लिए जुटाए गए 50 हजार रुपये की झपटमारी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 13 अक्टूबर को रायपुर रोड स्थित शराब भट्टी के पास हुई थी।
विरोध करने पर पीछे से किया वार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी के हाथ से रुपये झपट लिए। विरोध करने पर एक आरोपी ने उस पर पीछे से वार किया। इसके बाद दोनो आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से खर्च के बाद बची लूटी गई रकम भी बरामद की गई है।
बेटी के इलाज के लिए जुटाए थे 50 हजार रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी 10 अक्टूबर 2026 को अपनी बेटी की डिलीवरी और इलाज के सिलसिले में चंद्रादेवी अस्पताल, बलौदाबाजार में मौजूद था। 13 अक्टूबर को दोपहर करीब 11 बजे वह अपने रिश्तेदार पीलाराम ध्रुव के साथ रायपुर रोड स्थित शराब भट्टी के पास गया था। इसी दौरान जब प्रार्थी अपनी पैंट से रुपये निकाल रहा था, तब वहां मौजूद दो आरोपियों ने उसके हाथ में रखे 50 हजार रुपये कथित तौर पर झपट लिए। प्रार्थी ने विरोध किया तो दूसरे आरोपी ने पीछे से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद दोनो आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुराग तलाशे, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के मुताबिक, लगातार पतासाजी के बाद दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तहसील न्यायालय, बलौदाबाजार में आरोपियों की शिनाख्तगी की कार्रवाई भी कराई। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से खर्च करने के बाद बची नकदी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
- दीपक सोनवानी (26 वर्षा, पिता रमेश सोनवानी, निवासी पहुंदा रोज, भैसापस, बलौदाबाजार, थाना सिटी कोतवाली।
- अमित डहरिया (22 वर्षा, पिता राजेश डहरिया, निवासी दशरमा रोट, बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों को 14 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।