राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 27 सितंबर को दोपहर एक बजे सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक किया जा रहा है। राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक अंतर्गत 16 पारंपरिक खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं हो रही हैं।

यह प्रतियोगिताएं रायपुर के चार खेल मैदानों में चल रही है। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम बुढ़ापारा में फुगड़ी, बिल्लस, भंवरा, बांटी (कांचा), रस्सीकूद एवं कबड्डी का आयोजन हो रहा है। इसी तरह संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर परिसर के खुला मैदान में संखली, रस्साकसी, लंगड़ी, गिल्ली डंडा, पिट्ठुल व गेड़ी दौड़, स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में 100 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं कुश्ती और नेताजी सुभाष स्टेडियम में खो-खो की स्पर्धाएं चल रही है।

विजेताओं को करेंगे सम्मानित

राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक समापन समारोह खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल की अध्यक्षता और विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत के अति विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न होगा। समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया उपस्थित रहेंगे। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds