रायगढ़. जूटमिल थाना क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी कमल सारथी (26) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड भी बरामद कर जब्त किया है. घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था. पुलिस ने उसे न्यायालय मे पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया.
मारपीट रोकने पहुंचे थे पार्षद
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर जा रहे थे. इसी दौरान पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दी. विवाद बढ़ता देख पार्षद मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाकर झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया.
बताया गया कि कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था. पार्षद ने उसे विवाद करने से मना किया. इससे नाराज होकर आरोपी ने कथित रूप से पार्षद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद हाथ में रखे लोहे के जैक रॉड से पार्षद के सिर पर वार कर दिया.
सिर में गंभीर चोट के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
जैक रॉड के हमले में पार्षद घायल हो गए. घटना के बाद उनके पिता ने जूटमिल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 109 (1), 115 (2), 296 और 351 (3) के तहत अपराध दर्ज किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद जूटमिल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी. पुलिस ने आरोपी के परिजनों को भी उसके संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने के लिए कहा था.
घर लौटने की सूचना पर दबिश
पुलिस को इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी कमल सारथी अपने घर लौट आया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने जीजा के साथ विवाद चल रहा था. इसी दौरान पार्षद विजय चौहान ने बीच-बचाव करते हुए उसे झगड़ा करने से मना किया. इसी बात से नाराज होकर उसने पार्षद पर
जैक रॉड से हमला कर दिया.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड बरामद कर जब्त कर लिया. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेंद्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, आरक्षक तरुण महिलाने और सुशील यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि सहित किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट, धमकी या हिंसक व्यवहार करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की है.