छत्तीसगढ़ के शिक्षक ने साइकिल से नाप दिया पूरा देश, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

रायपुर : छत्तीसगढ़ के एक शिक्षक के जज्बे का आज पूरा देश सलाम कर रहा है. भागती दौड़ती जिंदगी में अध्यापक ने पढ़ाई की रफ्तार तो जारी रखी है साथ ही ऐसा कारनाम कर दिया जिससे आज दुनियाभर में उनकी चर्चा हो रही है. शिक्षक संतोष गुप्ता साइकिल से 1 लाख किमी से अधिक का सफर तय कर चुके हैं. जज्बा ऐसा कि छह साल के भीतर ही उन्होंने भारत देश की चारों सीमाएं साइकिल से ही नाप दीं हैं.
रेसिंग प्रतियोगता में पहुंचे थे साइकिलिस्ट
खास बात तो ये है कि साइकिलिस्ट संतोष गुप्ता देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश लेकर सफर पर निकलते हैं. दरअसल धमतरी के गंगरेल बांध के किनारे 14 जून को मेगा साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था. इस रेसिंग स्पर्धा में प्रदेश के मुंगेली जिले के लोरमी निवासी 44 वर्षीय शिक्षक व साइकिलिस्ट संतोष गुप्ता (पुत्र स्वर्गीय बिहारी लाल गुप्ता) भी पहुंचे थे.
इस रेस में भी दबदबा कायम
इस रेस में तकनीकी खराबी के कारण उन्हें थोड़ा पीछे कर दिया गया. इतना ही नहीं बीच में उनकी साइकिल भी खराब हुई लेकिन फिर भी उन्होंने प्रतियोगता में चौथा स्थान हासिल कर दबदबा कायम किया. संतोष गुप्ता के नाम साइकिल चलाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बन चुका है और प्रतिदिन कम से कम वह 70 किलोमीटर साइकिल चलाने का टारगेट रखते हैं.
रोज 70 किमी साइकिल चलाते हैं संतोष
वर्तमान में शिक्षक संतोष गुप्ता शासकीय प्राथमिक शाला सल्फा-सरगांव, विकासखंड पथरिया में पदस्थ हैं. वह हर रोज साइकिल से ही स्कूल पहुंचते हैं, उन्होंने ही इस बात का खुलासा किया है कि वह रोज 70 किमी तक साइकिल चलाते हैं. उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी, बिलासपुर से नेपाल, छत्तीसगढ़ के सभी जिले, खारदुंगला लेह और लद्दाख तक उन्होंने साइकिल से सफर किया है.