गांजा तस्करी में CAF आरक्षक गिरफ्तार, ओडिशा से करता था सप्लाई

मनेंद्रगढ़। गांजा तस्करी के एक सनसनीखेज मामले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के आरक्षक को गिरफ्तार किया गया है। खड़गवां पुलिस ने यह कार्रवाई सरगुजा रेंज आईजी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की है।
दरअसल, 28 अप्रैल को सुरेश कुमार नामक एक युवक को 2 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान सुरेश ने खुलासा किया कि उसे यह गांजा आरक्षक बुंदेलाल देता था, जो 8वीं बटालियन पेण्ड्री, राजनांदगांव में पदस्थ है। सुरेश गांजा तय पते पर पहुंचाता था और बदले में उसे हर खेप के लिए 1000 रुपए मिलते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरेश कुमार की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच की। सबूतों के आधार पर आरक्षक बुंदेलाल को राजनांदगांव से हिरासत में लिया गया और खड़गवां थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर सप्लाई करता था।
बुंदेलाल, खड़गवां के कौरीमार ग्राम का निवासी है। जब पुलिस को स्पष्ट साक्ष्य और कबूलनामा मिला, तो NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।