लॉगिन

धारदार हथियार दिखाकर महिला का अपहरण : 1 हफ्ते तक बंधक बनाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने किया अपराध दर्ज  

Chhattisgarh September 1, 2025 रिपोर्टर: shailesh
धारदार हथियार दिखाकर महिला का अपहरण : 1 हफ्ते तक बंधक बनाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने किया अपराध दर्ज  

धारदार हथियार दिखाकर महिला का अपहरण : 1 हफ्ते तक बंधक बनाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने किया अपराध दर्ज  

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगलमोहा में दो दरिंदों ने एक विवाहित आदिवासी महिला को तलवार की नोक पर अगवा कर लगातार एक सप्ताह तक अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला के शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह वारदात 21 जुलाई 2025 को हुई। पीड़िता अपने गांव में थी, तभी दो युवक पहुंचे और तलवार दिखाकर उसे डरा-धमका कर अगवा कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपी पीड़िता को गांव से बाहर सुनसान इलाकों में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से बलात्कार किया गया। यही नहीं, एक हफ्ते तक महिला को बंधक बनाकर बार-बार जगह बदलते हुए उसके साथ दरिंदगी की गई।

आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने विरोध किया या किसी को इस बारे में बताया, तो उसके पति और परिवार वालों की हत्या कर दी जाएगी। डर और खौफ के माहौल में महिला किसी तरह चुप रही, लेकिन जब वह घर लौटी तो उसने पूरी आपबीती अपने पति को सुनाई। गंभीर घटना को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां मामले पर चर्चा के बाद इसकी जानकारी कापू थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तत्काल पीड़िता की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एगेश्वर यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 70(1), 351(2), 140(3), 127(2), 3(5), 25 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा कि पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट को संज्ञान में लेकर आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के दौरान जिन स्थानों पर महिला को ले जाकर अपराध किया गया, वहां की जांच कर साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। यह घटना ग्रामीण अंचल में फैली हुई मानसिकता और अपराधियों के दुस्साहस को उजागर करती है। अक्सर इस तरह की वारदातें बड़े शहरों से सुनने को मिलती थीं, लेकिन अब गांवों तक इसकी पहुंच हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और लोग दहशत में हैं।

पीड़िता और उसके परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई और महिला इस तरह के अत्याचार की शिकार न हो। थाना प्रभारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds