मेडिकल कॉलेज की मान्यता के बदले रिश्वतखोरी का खुलासा, सीबीआई ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, तीन डॉक्टर शामिल

देशभर में 40 से अधिक स्थानों पर छापेमारी, छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज का मामला

रायपुर : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता प्रक्रिया में धांधली और रिश्वतखोरी के गंभीर मामले का खुलासा करते हुए तीन डॉक्टरों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने निरीक्षण रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के लिए रिश्वत की मांग की और स्वीकार की।

सीबीआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित  रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च से जुड़ा है। संस्थान के पदाधिकारियों, निरीक्षण में शामिल डॉक्टरों तथा अन्य बिचौलियों पर यह आरोप है कि उन्होंने कॉलेज की मान्यता के लिए होने वाले वैधानिक निरीक्षण में अनियमितता बरतते हुए फर्जी रिपोर्ट तैयार करवाई और इसके बदले रिश्वत ली।

सीबीआई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने छापा मारकर 6 लोगों को उस समय रंगेहाथ पकड़ा जब वे 55 लाख रुपये की रिश्वत की लेन-देन कर रहे थे। यह लेन-देन बेंगलुरु में किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को उनके संबंधित स्थानों की सक्षम अदालतों में पेश किया जाएगा।

सीबीआई ने बताया कि आरोपियों ने निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए कई तरीकों से भ्रष्टाचार फैलाया और निरीक्षण करने वाले डॉक्टरों को प्रभावित कर अनुकूल रिपोर्ट तैयार करवाई। इस पूरे मामले की जांच के तहत सीबीआई ने कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश सहित 40 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है। सीबीआई ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds