बड़ी वारदात… दबंगों ने डंपर से महिलाओं पर डाल दी मुरुम, दो अंदर दबीं, मच गई चीख-पुकार

मनगवां : मध्य प्रदेश में रीवा के हिनौता गांव में दबंगों द्वारा महिलाओं के ऊपर डंपर से मुरुम डालने की घटना सामने आई है। इसमें एक महिला गले तक और दूसरी कमर तक मुरुम के अंदर दब गई। जमीन विवाद को लेकर विवाद का मामला सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक मनगवां थाना के गंगेव पुलिस चौकी अंतर्गत हिनौता गांव में दबंगों ने महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की। राजेश सिंह उर्फ छुटकउ अपने डंपर और जेसीबी से विवाद वाली जमीन पर मुरुम डलवाकर सड़क बनवा रहे था।
महिलाएं इसका विरोध करने के लिए वहां पहुंची। तो दूसरे पक्ष के गोकर्ण पांडेय, महेंद्र पांडेय, चंद्रभान पांडेय सहित आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ मिलकर महिलाओं के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके ऊपर ही डंपर में रखी मुरुम डाल दी।
घटना में दो महिलाएं मुरुमके अंदर दब गईं। परिवार के लोग उन्हें बचाने दौड़े और फावड़े से मुरुम हटाकर उन्हें बाहर निकाला। इस घटना में दोनों महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गईं। महिलाओं के साथ मारपीट और उनके मुरुम में दबे होने का वीडियो वायरल हो रहा है।
इस घटना गंगेव पुलिस चौकी में दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। घायल महिलाओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेर में भर्ती करवाया गया है।