CG दामाखेड़ा में बखेड़ा : प्रदेश भर से बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचे आश्रम, धरना दे सकते हैं प्रकाश मुनि साहेब

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में कबीर पंथियों की आस्था के सबसे बड़े केंद दामाखेड़ा में दीपावली की रात से खड़ा हुआ बखेड़ा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। महज पटाखे फोड़ने को लेकर उपजा विवाद अब और गहराने लगा है।

प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयाई दामाखेड़ा पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन भी सतर्कता बरत रही है। इसी बीच धर्म गुरु प्रकाश मुनि साहेब ने कहा है कि, हम कबीरपंथी लोग हैं, हिंसा में विश्वास नहीं करते। सरकार अगर हमारी मांगे नहीं मानती है तो हम धरने पर बैठ सकते हैं। उन्होंने कहा कि, पिछली सरकारों के समय भी हम हाईवे पर और रेलवे लाइन पर धरने पर बैठ चुके हैं। अभी भी जरूरत पड़ी तो ऐसा ही करेंगे।

उधर बलौदाबाजार कलेक्टर और एसपी भी सुबह से ही दामाखेड़ा में मौजूद हैं। उन्होंने कहा है कि, बड़ी संख्या में अनुयायी यहां गुरु जी का आशीर्वाद लेने उनके बुलावे पर पहुंच रहे हैं। लोगों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा के अग्रिम बंदोबस्त किए जा रहे हैं।

पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, दामाखेड़ा में कबीरपंथियों की आस्था का सबसे बड़ा केन्द्र स्थित है। यहीं कबीरपंथियों के धर्मगुरु प्रकाश मुनि साहेब का निवास भी है। यहां देश-दुनिया से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। बताया जा रहा है कि, दीपावली रात पटाखे जलाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और आश्रम के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। इस विवाद के बाद पुलिस ने 16 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds