देश में 31 हजार के पार पहुंचे कोरोना के एक्टिव केस, 6100 से ज्यादा नए मामले आए सामने

नई दिल्ली : देश में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। आज फिर 6000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के 6,155 नए मामले मिले, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 31,194 हो गई है।

कोरोना से मौत की संख्या में इजाफा

स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना के कुल मामले अब 4.47 करोड़ (4,47,51,259) हो गए हैं। वहीं, बीते दिन 11 मौतों के साथ मरने वालों की संख्या 5,30,954 हो गई, जिसमें सुबह 8 बजे के अपडेट के तहत केरल के दो लोग शामिल हैं।

एक्टिव केस 31000 के पार

कोरोना के एक्टिव केसों में बीते कई दिनों से लगातार इजाफा देखने को मिला। आज के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, एक्टिव केस 31,194 हो गए हैं। सक्रिय मामलों में कुल संक्रमणों का 0.07 प्रतिशत शामिल है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 टीके की 220.66 करोड़ डोज दी जा चुकी है।

ठीक होने वालों की संख्या में भी इजाफा

कोरोना से ठीक होने वालों की बात करें तो उसकी संख्या भी बढ़कर 4,41,89,111 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, COVID-19 की रिकवरी दर 98.74 प्रतिशत है। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के साथ महाराष्ट्र, दिल्ली और केरल में मौत के मामले भी सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds